Amritsar.अमृतसर: पट्टी कस्बे के निकट शुक्रवार रात पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात गैंगस्टर प्रभ दासूवाल के एक गुर्गे को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से एक देसी पिस्तौल, पांच खाली कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है, जिस पर वह सवार था। पट्टी के डीएसपी लवकेश ने बताया कि गैंगस्टर के गुर्गे की पहचान पट्टी के निकट ठाकरपुरा गांव निवासी हरिंदर सिंह के रूप में हुई है। डीएसपी लवकेश ने शनिवार को बताया कि सूचना मिलने पर एसएचओ इंस्पेक्टर हरप्रीत सिंह के नेतृत्व में पट्टी पुलिस की एक टीम ने शुक्रवार रात रेलवे पुल क्रॉसिंग के पास नाका लगाया था। उसे सरली मांडा गांव की ओर से आते देख पुलिस पार्टी ने उसे रुकने का इशारा किया। लेकिन उसने रुकने के बजाय पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। डीएसपी ने बताया कि उसने पुलिस पार्टी पर चार से पांच फायर किए।
डीएसपी ने बताया कि पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई फायरिंग में हरिंदर सिंह घायल हो गया। उन्होंने बताया कि आरोपी प्रभ दासूवाल का गुर्गा होने के कारण उन लोगों को निशाना बना रहा था, जो उसे रंगदारी देने से मना करते थे। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ सप्ताहों के दौरान उसने पट्टी कस्बे के एक वकील पर गोली चलाई थी, जिससे प्रभ दासूवाल ने एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी थी। उसने खेमकरण कस्बे में एक पेट्रोल पंप पर गोली चलाई थी। इसके अलावा उसने दासूवाल गांव में एक स्कूल के मालिक की कार पर भी गोली चलाई थी। इन घटनाओं के संबंध में मामले दर्ज कर लिए गए हैं और बीती रात की घटना में पट्टी पुलिस ने बीएनएस की धारा 109 और आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत नया मामला दर्ज किया है। डीएसपी ने बताया कि हरिंदर सिंह को पुलिस सुरक्षा में पट्टी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।