पूर्व मुख्यमंत्री हत्याकांड का दोषी भूख हड़ताल पर बैठा, प्री-मेच्योर रिहाई की मांग
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह हत्याकांड के दोषी आतंकी लखविंदर सिंह एक हफ्ते से भूख हड़ताल पर बैठा है। लखविंदर सिंह बेअंत सिंह की हत्या में उम्रकैद की सजा काट रहा है। शनिवार को लखविंदर से जेल में मिलने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के महासचिव करनैल सिंह पंजौली पहुंचे।
बुड़ैल जेल के एक अधिकारी ने बताया कि लखविंदर सिंह पिछले करीब आठ दिनों से जेल में अपनी बैरक में भूख हड़ताल पर बैठा है। उसका मेडिकल टेस्ट किया गया है। वह पूरी तरह से फिट है। अधिकारी ने बताया कि लखविंदर सिंह प्री-मेच्योर रिहाई की मांग कर रहा है। उसने पैरोल के लिए भी अर्जी दे रखी है। करनैल सिंह पंजौली ने काफी समय से लखविंदर सिंह से मुलाकात की अर्जी दे रखी थी.
इसके मद्देनजर जेल प्रशासन ने मुलाकात रूम में उनकी बात करवाई। जेल में लखविंदर सिंह के साथ चार और आतंकी बंद हैं। इनमें जगतार सिंह तारा, गुरमीत सिंह, शमशेर सिंह उर्फ शेरा और परमजीत सिंह भ्यौरा शामिल हैं।