Ferozepur: फिरोजपुर में दंपती की मौत से सनसनी, पत्नी की हत्या के बाद पति ने दी जान
हत्या के बाद आत्महत्या, फिरोजपुर में दंपती की मौत का मामला
फिरोजपुर: पंजाब के फिरोजपुर जिले के गांव जवाहर सिंह वाला में सोमवार सुबहे 32 वर्षीय मनप्रीत सिंह ने कथित रूप से पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते उसकी बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। इसके बाद उसने पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी और बाद में पत्नी के स्कूल परिसर में आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने परिजनों और अन्य लोगों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मनप्रीत सिंह को काफी समय से संदेह था कि उसकी पत्नी के गांव के सरकारी स्कूल में कार्यरत एक शिक्षक के साथ कथित संबंध हैं। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन भी दोनों के बीच इसी मामले को लेकर झगड़ा हुआ था। विवाद बढ़ने पर मनप्रीत ने कथित रूप से पत्नी की पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, पत्नी की हत्या के बाद मनप्रीत सिंह ने खुद फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह उस सरकारी स्कूल में पहुंचा, जहां उसकी पत्नी मध्याह्न भोजनकर्मी के रूप में काम करती थी। वहां उसने आत्महत्या कर ली।
मृतक मनप्रीत सिंह के भांजे बंटी ने बताया कि उसकी मामी गांव के स्कूल में खाना बनाने का काम करती थी। मनप्रीत को काफी समय से पत्नी और स्कूल के एक शिक्षक के बीच संबंध होने का संदेह था। वह पत्नी को शिक्षक से बातचीत करने और मिलने से रोकता था। इसी संदेह ने बाद में गंभीर विवाद का रूप ले लिया।
जांच अधिकारी एएसआई सुरजीत सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मनप्रीत सिंह पुत्र सुखमंदर सिंह निवासी जवाहर सिंह वाला का अपनी पत्नी के साथ झगड़ा हुआ था। आरोप है कि झगड़े के दौरान उसने पत्नी की पिटाई कर उसकी हत्या कर दी और बाद में आत्महत्या कर ली।
उन्होंने बताया कि दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।