रायकोट : पंजाब के लुधियाना जिले से रक्षाबंधन से ठीक पहले एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां जहरीले सांप के डसने से भाई-बहन की मौत हो गई। जिस घर में त्योहार की खुशियां आने वाली थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।

लुधियाना के बस्सियां गांव में 8 वर्षीय जोबनप्रीत सिंह और उसकी 6 वर्षीय बहन जसप्रीत कौर गर्मी के कारण घर के आंगन में दादी के पास सो रहे थे। इसी दौरान रात में जहरीले सांप ने दोनों बच्चों को डस लिया। शुरुआत में परिवार को लगा कि शायद किसी कीड़े ने काटा है, लेकिन बाद में हालत बिगड़ने पर सच्चाई सामने आई।
पहले बहन ने तोड़ा दम फिर भाई की भी मौत
सांप के डसने के बाद दोनों बच्चों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। पहले 6 वर्षीय जसप्रीत कौर की मौत हुई और इसके बाद इलाज के दौरान उसके भाई जोबनप्रीत सिंह ने भी दम तोड़ दिया। दोनों भाई-बहन की मौत करीब 18 घंटे के अंतराल में हुई। दो मासूम बच्चों की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। रक्षाबंधन जैसे खुशियों के त्योहार से पहले भाई-बहन का साथ छूट जाने से गांव में भी शोक का माहौल है।
परिवार को नहीं हुआ सांप के काटने का अंदाजा
परिजनों के अनुसार, जब जोबनप्रीत ने दर्द की शिकायत की तो शुरुआत में इसे सामान्य कीड़े का काटना समझा गया। कुछ देर बाद बच्चे की हालत खराब होने लगी और सांस लेने में परेशानी हुई। जांच के दौरान चारपाई के नीचे सांप दिखाई दिया, जिसके बाद परिवार को घटना की गंभीरता का पता चला।
गांव में पसरा गम का माहौल
इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि रक्षाबंधन से पहले हुई इस घटना ने सभी को दुखी कर दिया है। जिस घर में राखी की तैयारी होनी थी, वहां अब बच्चों की यादों और आंसुओं का माहौल है।
बरसात में बढ़ जाता है सांपों का खतरा
बारिश के मौसम में अक्सर सांप अपने बिलों से बाहर निकलकर आबादी वाले इलाकों में पहुंच जाते हैं। विशेषज्ञों की सलाह है कि जमीन पर सोने, पुराने सामान या लकड़ी के ढेर के पास जाने और अंधेरे स्थानों पर विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।

Tags: