CM नायब बोले हरियाणा सरकार सबका साथ-सबका विकास के संकल्प पर काम कर रही
CM नायब बोले हरियाणा सरकार सबका साथ-सबका विकास
Chandigarh.चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल की 140वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर 2015 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गई ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल भारत की एकता और अखंडता को और मजबूत करेगी। मुख्यमंत्री रविवार शाम को अपने निवास स्थान ‘संत कबीर कुटीर’ में हरियाणा में रह रहे विभिन्न राज्यों से उनसे मिलने आए बुद्धिजीवियों को संबोधित कर रहे थे ।मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि हरियाणा के विकास में प्रदेश में रह रहे विभिन्न राज्यों के मेहनतकश लोगों का महत्वपूर्ण योगदान है।
सभी के भाईचारे और सहयोग की भावना से हरियाणा निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के सपने को पूरा करने में सहयोग करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से वर्ष 2015 में शुरू किया गया ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत अभियान’ एक विचार से आगे बढ़कर आज भारत की आत्मा को जोड़ने वाला राष्ट्रीय आंदोलन बन गया है।