Chandigarh: भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में लामबंद हुए किसान संगठन

किसान संगठनों ने सरकार से समझौते पर पुनर्विचार की मांग की

Update: 2026-06-26 04:41 GMT

चंडीगढ़: भारत-अमेरिका की प्रस्तावित ट्रेड डील समेत कई मुद्दों के विरोध में किसानों तथा मजदूर संगठनों ने आंदोलन का ऐलान कर दिया है। गुरुवार को चंडीगढ़ में हुई बैठक में एसकेएम (गैर-राजनीतिक), एकेएमएम (गैर-राजनीतिक), आजाद किसान मोर्चा, किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा हरियाणा, राष्ट्रीय किसान महासंघ, ऑल इंडिया एमएसपी मोर्चा सहित विभिन्न संगठनों के सम्मानित प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में हरियाणा पंजाब राजस्थान महाराष्ट्र केरल उड़ीसा यूपी उत्तराखंड मध्य प्रदेश आदि प्रदेशों से किसान प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक के बाद किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी, बलबीर सिंह राजेवाल, वी.एम सिंह, सरवन सिंह पंधेर, गिरजा नंद,सुरजीत सिंह फूल, काका सिंह कोडरा सहित कई किसान नेताओं ने बताया कि बैठक में सभी संगठनों ने एकमत से निर्णय लिया कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ व्यापक स्तर पर संयुक्त संघर्ष चलाया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि यह डील देश के किसानों, पशुपालकों, मजदूरों और आम जनता के हितों के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। इसलिए सभी संगठन अपने मतभेदों को भुलाकर एक मंच पर आकर इस लड़ाई को मजबूती से लड़ेंगे।

बैठक में आगे की रणनीति तय करने के लिए 1 जुलाई 2026 को किसान भवन, सेक्टर-35 ए, चंडीगढ़ में सभी सहभागी फोरमों एवं संगठनों के पांच-पांच प्रमुख प्रतिनिधियों की बैठक बुलाने का निर्णय लिया गया। इस बैठक में भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ संयुक्त संघर्ष की विस्तृत रणनीति, कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा आंदोलन के अगले चरणों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

बैठक में उपस्थित नेताओं ने स्पष्ट कहा कि देश की कृषि, पशुपालन, रोजगार और खाद्य सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि सरकार किसानों और मजदूरों की चिंताओं को नजरअंदाज करती है तो संयुक्त मोर्चा देशव्यापी आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होगा।

Tags:    

Similar News