Chandigarh: अमृतसर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 किलो हेरोइन के साथ दो दबोचे
अमृतसर में नशा तस्करों पर बड़ी चोट, 10 किलो हेरोइन पकड़ी
चंडीगढ़: पंजाब में अमृतसर पुलिस ने सीमा पार से चल रहे ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके पास से दस किलो हेरोइन बरामद की है। इस कार्रवाई से सीमावर्ती क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।
पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर अमृतसर देहात पुलिस ने थाना घरिंडा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 किलो हेरोइन बरामद की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप कथित तौर पर सीमा पार से भारत पहुंचाई गई थी। इसे पंजाब समेत अन्य राज्यों में सप्लाई करने की तैयारी थी। इस संबंध में थाना घरिंडा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और इसके संभावित अंतरराष्ट्रीय संबंधों की जांच कर रही है। साथ ही नेटवर्क के आगे और पीछे के सभी लिंक खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई केवल दो आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी। पूरे ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच जारी है।