म्यूजिक कंपनी के मालिक को पीटा, दिलप्रीत ढिल्लों पर मामला दर्ज

Update: 2026-07-24 09:20 GMT

मोहाली। प्रसिद्ध पंजाबी गायक दिलप्रीत सिंह ढिल्लों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उनके खिलाफ मारपीट करने, जबरन बंधक बनाने और जान से मारने की नीयत से हथियार का इस्तेमाल करने के गंभीर आरोपों में मोहाली के मटौर थाने में मामला दर्ज किया गया है। यह शिकायत 'मेलोडी हाउस' नामक म्यूजिक कंपनी चलाने वाले रेअमंत मरवाहा ने दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि म्यूजिक कंपनी 'टी-सीरीज' के साथ गानों की व्यावसायिक डील न हो पाने की रंजिश के चलते गायक दिलप्रीत ढिल्लों ने इस वारदात को अंजाम दिया।

शिकायतकर्ता रेअमंत मरवाहा पिछले पांच वर्षों से अपनी म्यूजिक कंपनी चला रहे हैं। करीब पांच-छह महीने पहले दिलप्रीत ढिल्लों ने टी-सीरीज कंपनी के साथ अपने गानों की रिकॉर्डिंग की डील कराने के लिए उनसे संपर्क साधा था। रेअमंत ने दिलप्रीत की बात टी-सीरीज के अधिकारियों से कराई थी, लेकिन किसी कारणवश दोनों पक्षों के बीच डील पक्की नहीं हो पाई। इसी बात को लेकर दिलप्रीत काफी समय से उनसे रंजिश रख रहा था।

घटना 22 जुलाई की रात की बताई जा रही है। रेअमंत मरवाहा मोहाली के सेक्टर-70 स्थित 'होमलैंड' सोसाइटी में अपने दोस्त गुरप्रीत सिंह के फ्लैट पर मौजूद थे, जहां उनका एक अन्य साथी युग भी बैठा था। इसी दौरान दिलप्रीत ढिल्लों अचानक वहां पहुंचा और टी-सीरीज या किसी अन्य बड़ी कंपनी से डील करवाने के लिए दबाव बनाते हुए बहस करने लगा। उसने कहा कि उसे अपनी पत्नी को एक से दो करोड़ रुपये की महंगी गाड़ी खरीदकर देनी है। जब रेअमंत ने तत्काल डील कराने में असमर्थता जाहिर की, तो दिलप्रीत आपा खो बैठा और उनसे मारपीट करने लगा।

पीड़ित के अनुसार जब उन्होंने जान बचाकर वहां से भागने की कोशिश की, तो गायक ने उन्हें पकड़ लिया और घसीटते हुए दूसरे कमरे में ले जाकर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद उनके पेट और पसलियों पर जमकर लात-घूंसे बरसाए गए। इतना ही नहीं, मारपीट के बाद दिलप्रीत ढिल्लों ने अपनी पिस्तौल निकाल ली और रेअमंत की तरफ तानते हुए उन्हें तथा उनके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। जब पीड़ित ने शोर मचाया तो आरोपी गाली-गलौज करते हुए मौके से फरार हो गया।

वारदात के बाद लहूलुहान अवस्था में रेअमंत मरवाहा को इलाज के लिए मोहाली फेज-6 के सिविल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मटौर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर दिलप्रीत सिंह ढिल्लों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 126(2), 351(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी एएसआई केवल कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी गायक को जल्द ही पूछताछ में शामिल होने के लिए समन भेजा जाएगा।

Tags:    

Similar News