पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग और विधायक खैरा पर केस दर्ज, जानें पूरा मामला

Update: 2022-09-04 09:15 GMT
 चंडीगढ़ : पंजाब प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और विधायक सुखपाल सिंह खैरा पर मोहाली के फेज-एक थाने में आईटी एक्ट समेत कई धाराओं के तहत केस दर्ज हुआ है। उन पर अपने ट्विटर हैंडल से राज्य सरकार द्वारा लगाए गए चेयरमैनों की गलत सूची प्रसारित करने का आरोप है। इस संबंधी आप की जिला प्रधान प्रभजोत कौर ने शिकायत दी थी। इसके बाद थाना फेज-एक पुलिस ने यह कार्रवाई की है। वहीं खैरा ने अपने ट्विटर हैंडल पर एफआईआर दर्ज करने के लिए अरविंद केजरीवाल का धन्यवाद किया है।
पुलिस को फेज-पांच निवासी प्रभजोत कौर ने शिकायत दी थी कि उन्होंने देखा कि सुखपाल सिंह खैरा और राजा वड़िंग ने अपने ट्विटर हैंडल पर राज्य सरकार द्वारा लगाए चेयरपर्सन की फर्जी सूची प्रकाशित की थी। इससे लोगों को गुमराह किया जा रहा था। पार्टी की तरफ से ऐसी सूची जारी नहीं की गई थी। सारी सूची पार्टी के फर्जी लेटरहेड पर प्रकाशित की गई। इतना ही नहीं इसमें आप के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के हस्ताक्षर भी फर्जी थे जबकि चेयरमैन पंजाब सरकार ने लगाए थे।
पार्टी की जिला प्रधान होने के चलते उनके ध्यान में जैसे ही यह मामला आया तो उन्होंने पार्टी के दिल्ली ऑफिस में इस संबंध में संपर्क किया। वहां से पता चला कि पार्टी ने ऐसी कोई जानकारी कभी जारी ही नहीं की। ऐसे में यह साफ है कि पार्टी की प्रतिष्ठा को खराब करने के इरादे से यह सारी कोशिश की गई। इसके बाद उन्होंने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी जिसके बाद केस दर्ज करने की प्रक्रिया हुई।
Tags:    

Similar News