साल के अंत तक 109 मोहल्ला क्लीनिक होंगे शुरू, स्वास्थ्य मंत्री ने कही ये बात
पंजाब सरकार इस साल के अंत तक 109 मोहल्ला क्लीनिक और शुरू करेगी। यह दावा सूबे के स्वास्थ्य मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने मंगलवार को चंडीगढ़ में किया। उन्होंने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी आम आदमी क्लीनिक परियोजना सर्वोत्तम स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगी। मान सरकार 15 अगस्त से आम आदमी क्लीनिक की शुरुआत करने जा रही है। इससे राज्य के हर वर्ग को उच्च स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
मंगलवार को पंजाब भवन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आप सरकार अपने एक और बड़े चुनावी वादे को पूरा करने जा रही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आप सरकार 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनता को 75 आम आदमी क्लीनिक समर्पित करेगी। इनमें आम लोगों का मुफ्त इलाज किया जाएगा।
इस वित्तीय वर्ष के अंत तक 109 नए आम आदमी क्लीनिक स्थापित किए जाएंगे ताकि राज्य में आम आदमी बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि आम आदमी क्लीनिक खुलने के बाद लोगों को अपने घरों के पास सभी आपातकालीन इलाज बिल्कुल मुफ्त में मिलेंगे। क्लीनिकों के खुलने से राज्य के सरकारी अस्पतालों में छोटी-मोटी बीमारी का इलाज करवाने आने वाले मरीजों की संख्या में काफी हद तक कमी आएगी और अस्पतालों पर अतिरिक्त बोझ भी घटेगा।
विपक्ष के हमलों पर तीखी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए मंत्री जौड़ामाजरा ने कहा कि विरोधी दल झूठे बयान देकर सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रही हैं। मुख्यमंत्री मान के नेतृत्व वाली आप सरकार पंजाब के लोगों की सुविधा के लिए स्वास्थ्य प्रणाली को बदलने और भ्रष्ट प्रथाओं को खत्म करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि आप सरकार इन क्लीनिकों में आम बीमारियों के लिए उपचार और मरीजों की देखभाल, घायलों के लिए प्राथमिक उपचार और मामूली घावों के प्रबंधन के लिए ओपीडी प्रदान करेगी। इसके अलावा यहां आवश्यक दवाएं और टेस्ट भी मुफ्त उपलब्ध कराए जाएंगे।