भाजपा प्रदेशाध्यक्ष जतिंदर मल्होत्रा बोले, देश में थी दहशत,तब कहां था कांग्रेस का न्याय

Update: 2024-05-26 16:49 GMT

पंजाब : भाजपा प्रदेशाध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने कांग्रेस के अभियान ‘हाथ बदलेगा हालात’ का ‘सच’ वीडियो के माध्यम से जारी कर कांग्रेस की असलियत जग जाहिर करने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि आए दिन बम धमाकों से जब भारत दहशत में था, तब कहां था कांग्रेस का न्याय। कांग्रेस 2014 के बाद लगातार गर्त में जा रही और देश की जनता का पूरा जोर भाजपा को 400 पार कराने पर है। प्रदेशाध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा, महासचिव हुकम चंद और प्रदेश सचिव संजीव राणा ने शनिवार को प्रदेश कार्यालय ‘कमलम’ में कांग्रेस के अभियान ‘हाथ बदलेगा हालात’ को उजागर करते हुए प्रतिद्वंद्वी पार्टी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के संयुक्त प्रत्याशी पर वीडियो के जरिये हमला किया। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मल्होत्रा ने कहा कि कांग्रेस को ऐसा वीडियो अभियान चलाने की जरूरत नहीं है, जिसमें कहा जाए कि उनकी पार्टी देश की स्थिति बदल देगी। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि 2 जी, कॉमनवेल्थ, कोयला, जमीन और अनगिनत घोटालों को देश की जनता कैसे भूल सकती है। इसी का तो नतीजा है कि 2014 के बाद लगातार तीसरी बार कांग्रेस लगातार गर्त की ओर जा रही है और भाजपा 400 पार कर रही है। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालकर सत्ता का लुत्फ लेने वाली कांग्रेस आज न्याय और सुरक्षा की डींगे हांक रही है। कांग्रेस भूल रही कि पिछले दस वर्षों से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं और उन्होंने धरातल पर भारत के हालात बदलने का काम करके दिखाया है। भाजपा प्रदेश महासचिव हुकम चंद व प्रदेश सचिव संजीव राणा ने कहा कि मनीष तिवारी राजनीतिक कैरियर के दौरान तीसरी बार अलग सीट चंडीगढ़ से कांग्रेस उम्मीदवार बने हैं। अपने दोनों संसदीय क्षेत्रों को छोड़ कर चंडीगढ़ आए तिवारी को पहले यह बताना चाहिए कि 2029 और 2034 में उनका निर्वाचन क्षेत्र कौन सा होगा । इसी पर भाजपा ने आज एक वीडियो भी दिखाया।

Tags:    

Similar News