Punjab.पंजाब: अकाल तख्त के कार्यवाहक जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गज ने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि शुरू से ही उनका मानना था कि दोनों देशों के बीच युद्ध नहीं होना चाहिए और कल उन्होंने आनंदपुर साहिब में तख्त श्री केसगढ़ साहिब में गुरु साहिब के समक्ष अरदास भी की थी। उन्होंने कहा कि इस संघर्ष विराम को हासिल करने में अहम भूमिका निभाने वाले सभी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय नेता बधाई के पात्र हैं।
उन्होंने जोर देकर कहा कि सिख समुदाय हमेशा उत्पीड़न और अत्याचार के खिलाफ मजबूती से खड़ा रहा है और राष्ट्र की रक्षा में अग्रणी भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि युद्ध मानवता के लिए विनाशकारी है और इसमें निर्दोष लोगों की जान जाती है, इसलिए दोनों पक्षों को बातचीत के जरिए अपने मुद्दों को सुलझाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों की ओर से लगातार मांग की जा रही है कि व्यापार के लिए पाकिस्तान के साथ सीमाएं खोली जाएं, जिससे क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय फसलों के लिए बाजार उपलब्ध होगा।