अबोहर:अबोहर में सोमवार दोपहर एक युवक ने अपनी 80 वर्षीय मां की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपित बेटे सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार संत नगर की गली नंबर-1 निवासी सुनील कुमार नशे की हालत में घर पहुंचा और अपनी मां कृष्णा रानी से विवाद करने लगा। बेटे के आक्रामक व्यवहार से घबराकर कृष्णा रानी खुद को बचाने के लिए कमरे में चली गईं और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद सुनील ने कमरे की खिड़की तोड़ दी और अंदर घुस गया। उसने पहले मां के कपड़े फाड़े और फिर घर में रखे प्रेशर कुकर से उनके सिर पर कई वार किए। गंभीर चोट लगने के कारण कृष्णा रानी की मौत हो गई।

महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सुनील कुमार को पकड़ लिया। कृष्णा रानी करीब तीन दिन पहले ही अपने छोटे बेटे विजय कुमार के घर से यहां रहने के लिए आई थीं। मृतका के छोटे बेटे विजय कुमार के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलने के बाद डीएसपी हरीश कुमार और थाना नंबर-1 के प्रभारी मनिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने नर सेवा नारायण सेवा समिति के सदस्यों की मदद से शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

Tags: