अबोहर: अबोहर क्षेत्र में बुधवार सुबह एक सड़क हादसे में मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों राखी बांधकर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। हादसा सीतो गुन्नो स्थित गौशाला के पास हुआ। गंभीर हालत को देखते हुए दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बठिंडा एम्स रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार गांव दोदा निवासी जसवंत सिंह पुत्र कुलदीप सिंह अपनी मां सुखबीर कौर के साथ डबवाली के पास एक गांव में राखी बंधवाने गए थे। इसके बाद दोनों बाइक पर वापस अपने गांव लौट रहे थे। जब वे सीतो गुन्नो की गौशाला के पास पहुंचे, तभी लिंक रोड से मुख्य सड़क पर आ रही एक कार से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद मां-बेटा सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत सड़क सुरक्षा फोर्स को सूचना दी।

सूचना मिलने पर सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीतो गुन्नो अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए दोनों को बठिंडा एम्स रेफर कर दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और दोनों वाहनों के बीच टक्कर की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।

Tags: