Patiala पटियाला : पंजाब के पटियाला में पति- पत्नी ने जान दे दी। दोनों के बीच मामूली तकरार हुई थी, जिसके बाद पत्नी मायके जाने की बात कहकर घर से बच्चों के साथ चली गई।
नाभा ब्लॉक के गांव श्रीनगर में मामूली विवाद में महिला ने नहर में कूद कर आत्महत्या कर ली, जबकि उसके पति ने फंदा लगा लिया है। मृतकों की पहचान गुरमीत सिंह (43) और मनप्रीत कौर (40) के तौर पर हुई है। शुक्रवार को दोनों पति-पत्नी की अर्थियां इकट्ठे घर से उठीं। इस मौके पर परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था और गांव में भी शोक की लहर है। पुलिस ने मामले में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
इनमें विवाहिता की मां जसवीर कौर, जीजा रजिंदर सिंह निवासी गांव भनोपली जिला रोपड़ और रानी निवासी बहादुरगढ़ व एक अज्ञात शामिल है। मृतक गुरमीत सिंह के भाई यादविंदर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 29 जून 2025 को उसकी भाभी मनप्रीत कौर अपने तीन बच्चों को लेकर मायके गांव भनोपली गई थी। उसके भाई गुरमीत सिंह की ओर से फोन करने पर सास जसवीर कौर व साढ़ू रजिंदर सिंह उनके बच्चों को लेकर आ गए थे। पिता से मिलने के बाद बच्चों ने मां के पास जाने की जिद की। इसके चलते सास व साढ़ू दोबारा बच्चों को अपने साथ ले गए थे।