फॉर्च्यूनर में 3 लाशें : मोहाली के प्रॉपर्टी डीलर ने परिवार क्यों किया खत्म
mohali मोहाली : मोहाली के प्रॉपर्टी कारोबारी ने अपने परिवार (पत्नी व बेटे) को गोली मारकर हत्या करने के बाद खुद को भी गोली मार ली थी। तीनों के शव उनकी फार्च्यूनर में रविवार शाम को बनूड़-तेपला मार्ग पर गांव चेंगेरा के पास खेतों में मिले थे।
मृतकों में मूल रूप से पंजाब के बठिंडा के रहने वाले संदीप सिंह राजपाल (45), उसकी पत्नी मनदीप कौर (42) और बेटे अभय (15) के रूप में हुई है। संदीप बीते कई वर्षों से मोहाली में रहकर प्रॉपर्टी डीलर का कारोबार करता था। संदीप का बेटा अभय मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ नहीं था। जांच में सामने आया कि बेटे की मानसिक बीमारी के चलते ही संदीप सिंह राजपाल ने यह खौफनाक कदम उठाया है। मृतक संदीप के पिता मनोहर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनका पोता अभय जन्म से ही मानसिक बीमारी से ग्रस्त था।
अभय माता-पिता का इकलौता था। बेटे की मानसिक बीमारी के कारण पिता संदीप सिंह राजपाल परेशान रहता था। अभय का लंबे समय से इलाज भी चल रहा था। पहले उसका इलाज दिल्ली और फिर चंडीगढ़ में करवाया जा रहा था। इसके अलावा परिवार में कोई दिक्कत नहीं थी। परिवार को आर्थिक रूप से भी किसी तरह की परेशानी नहीं थी। इसलिए ऐसा लग रहा है कि बेटे की बीमारी के चलते ही संदीप सिंह ने ऐसा कदम उठाया है। पुलिस के अनुसार परिवार पिछले आठ वर्षों से मोहाली में रह रहा था। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का है। प्रॉपर्टी कारोबारी संदीप सिंह ने गाड़ी में ही पत्नी और बेटे को गोली मारी और फिर खुद को भी शूट कर लिया।
संदीप सिंह की लाश गाड़ी में ड्राइवर वाली सीट पर पड़ी थी। उसके हाथ में पिस्तौल थी। उसकी पत्नी का शव बगल वाली सीट पर था। वहीं बेटे अभय की डेड बॉडी गाड़ी की पिछली सीट पर पड़ी थी। तीनों के सिर पर गोली लगी थी। घटना वाले दिन मामले की सूचना खेत में ट्यूबवेल लगाने आए कुछ लोगों ने पुलिस को दी। उन्होंने गाड़ी में शवों को देखकर बनूड़ पुलिस को फोन किया। इसके बाद बनूड़ थाना एसएचओ अर्शदीप शर्मा, जांच अधिकारी हरदेव सिंह, एएसआई जसविंदर पाल टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। राजपुरा से डीएसपी मनजीत सिंह भी मौके पर पहुंचे। एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची।