खमाणों | गांव नीवां जटाणा के 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले एक युवक की गांव के तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतक युवक मनजोत सिंह पुत्र सुदागर सिंह (16 वर्ष) गांव फरौर के सरकारी स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ता था। उसकी दादी जसपाल कौर ने बताया कि वह खमाणों से डॉक्टर से दवा लेकर अभी गांव आई ही थी कि उनकी पड़ोसन ने उन्हें कहा कि उसका पोता मनजोत सिंह उसकी बेटी से छेड़-छाड़ कर रहा है। दादी जसपाल कौर ने बताया कि जैसे ही उसे उसकी शिकायत मिली तो उसने अपने पोते को घूरा और इसके थोड़ी देर बाद उन्हें खबर मिली कि उनका पोता मनजोत सिंह तालाब में डूब गया है और उसकी मौत हो गई है। दादी जसपाल कौर ने बताया कि उसके पीछे हमारे पड़ोसियों के नौजवान भागते हुए देखे गए जिसके कारण उन्हें संदेह है कि मेरे पोते को गांव के तालाब में डुबो दिया गया है जिसके कारण मनजोत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं दूसरे पक्ष ने कहा कि मनजोत सिंह काफी समय से हमारी लड़की के साथ छेड़-छाड़ कर रहा था और लड़की अपने परिजनों को कुछ बताने से डर रही थी। लड़की की दादी के मुताबिक उक्त लड़का उनकी लड़की को हर वक्त डराता रहता था। हमें नहीं पता कि मनजोत सिंह की मौत कैसे हुई है बल्कि मनजोत सिंह के परिवार वाले हमें ईंटों से मार रहे थे जिसके बाद हमने पुलिस को मौके पर बुलाया और पुलिस ने हमें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। खमाणों पुलिस ने मृतक मनजोत सिंह की दादी जसपाल कौर के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।