Bhadrak भद्रक: ओडिशा के भद्रक जिले में बुधवार को एक मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना धुसुरी पुलिस थाने के अंतर्गत अरडी-भद्रक राज्य राजमार्ग 35 पर दोहरा बालीघाटा के पास हुई।
धुसुरी पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी शांतनु जेना ने बताया, "यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने स्थानीय लोगों द्वारा अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।" पीड़ितों की पहचान भद्रक के पीरहाट पुलिस थाने के अंतर्गत तेलसादुमुका गांव के चंदन जेना (20) और जाजपुर के मंगलपुर पुलिस थाने के अंतर्गत बजरपट गांव के शिबा जेना (22) के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। जेना ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।