Jajpur जाजपुर: ओडिशा के जाजपुर जिले में 10वीं की छात्रा ने एक बच्ची को जन्म दिया है। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बुधवार को घर पर लड़की को पेट में दर्द हुआ और उसके परिवार के लोग उसे बारी अस्पताल ले गए। जाजपुर के अतिरिक्त जिला चिकित्सा अधिकारी (एडीएमओ) ए के शर्मा के अनुसार, 10वीं की छात्रा ने बुधवार को जिले के बारी ब्लॉक के एक सरकारी अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया। एडीएमओ ने बताया कि नवजात को शिशु रोग आईसीयू में भर्ती कराया गया था, क्योंकि उसकी हालत ठीक नहीं थी। नवजात शिशु के साथ मां को बारी अस्पताल से जाजपुर के जिला मुख्यालय अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।
जाजपुर जिला बाल संरक्षण अधिकारी (डीसीपीओ) निरंजन कर ने बताया कि 10वीं की छात्रा मैट्रिक की परीक्षा के दो पेपर में शामिल हुई थी और उसे गुरुवार को गणित का पेपर देना था। कर ने कहा, "हम उसकी जन्मतिथि की पुष्टि करने के बाद ही बता सकते हैं कि छात्रा नाबालिग थी या बालिग।" मलकानगिरी जिले के चित्रकोंडा इलाके की 10वीं की छात्रा ने सोमवार को एसटी एवं एससी विकास विभाग द्वारा संचालित आवासीय बालिका उच्च विद्यालय के छात्रावास में एक बच्ची को जन्म दिया। वह मैट्रिक की परीक्षा भी दे रही थी।
Tags: