Puri, Odisha पुरी, ओडिशा। पद्मश्री से सम्मानित प्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने एक बार फिर अपनी अनोखी कला के माध्यम से देश का दिल जीत लिया। उन्होंने पुरी बीच पर शनिवार को महिला क्रिकेट टीम इंडिया के समर्थन में शानदार रेत कला (Sand Sculpture) बनाई। इस सैंड आर्ट में उन्होंने 200 क्रिकेट बॉल्स की विशेष इंस्टॉलेशन तैयार की, जो भारतीय महिला खिलाड़ियों की ऊर्जा, मेहनत और देशभक्ति का प्रतीक है। यह रचना भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले आईसीसी महिला विश्व कप 2025 के फाइनल मुकाबले से ठीक पहले बनाई गई है। पटनायक ने अपनी इस कलाकृति के साथ एक प्रेरणादायक संदेश भी दिया
महिला शक्ति को समर्पित कलात्मक संदेश
सुदर्शन पटनायक ने कहा कि यह सैंड आर्ट केवल एक बधाई नहीं, बल्कि भारत की महिलाओं की शक्ति और आत्मविश्वास को समर्पित है। उन्होंने बताया कि महिला क्रिकेटरों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है और अब समय है कि पूरे भारत को उन्हें उसी गर्व और सम्मान के साथ सराहना चाहिए, जैसा पुरुष खिलाड़ियों को मिलता है। उन्होंने कहा, “मैं चाहता हूं कि हमारी महिला टीम फाइनल में जीत दर्ज करे और ट्रॉफी देश लाए। यह रेत मूर्ति उनकी हिम्मत और समर्पण को सलाम करने का मेरा तरीका है।”
पर्यटकों का उमड़ा जमावड़ा
पुरी बीच पर लगी इस अद्भुत कलाकृति को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग पहुंचे। कई लोग इस आर्ट के साथ फोटो खिंचवाते नजर आए और महिला क्रिकेट टीम के लिए शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पर भी सुदर्शन पटनायक की यह कृति तेजी से वायरल हो रही है।
सुदर्शन पटनायक की अनोखी पहचान
सुदर्शन पटनायक दुनियाभर में अपनी रेत कला के लिए प्रसिद्ध हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक मुद्दों और राष्ट्रीय गौरव जैसे विषयों पर कई बार संदेशात्मक रचनाएं बनाईं हैं। उन्हें अब तक पद्मश्री, लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और कई अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि उनकी यह कलाकृति हर भारतीय के दिल में यह भावना जगाए कि महिलाओं की सफलता, राष्ट्र की सफलता है।