Bhubaneswar भुवनेश्वर: ओडिशा विधानसभा के बाहर विपक्षी दल बीजद के 'विधानसभा घेराव' कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया। ये कार्यकर्ता त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित पदाधिकारियों के "अधिकारों में कटौती" के बाद अधिकारियों को सशक्त बनाने के फैसले को वापस लेने की मांग कर रहे थे।
हजारों बीजद कार्यकर्ता महात्मा गांधी मार्ग पर इकट्ठा हुए और विधानसभा भवन में घुसने का प्रयास किया। एक अधिकारी ने बताया कि तनाव तब पैदा हुआ जब प्रदर्शनकारियों ने विधानसभा के पास दो सुरक्षा बैरिकेड तोड़ दिए और विधानसभा भवन की ओर जाते हुए तीसरे बैरिकेड को हटाने का प्रयास किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तीसरे बैरिकेड के पास रोका, जिसके बाद उनके बीच हाथापाई हुई। अधिकारी ने बताया कि स्थिति को सामान्य करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया और कई प्रदर्शनकारियों को उठा लिया।
बीजद नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) और इंजीनियरों को वित्तीय रूप से सशक्त बनाया है, जिससे निर्वाचित पंचायती राज संस्थाओं के पदाधिकारियों की शक्ति कम हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने यह फैसला इसलिए लिया क्योंकि पंचायत के 90 प्रतिशत से ज़्यादा पदों पर बीजद नेता या पार्टी समर्थित ग्राम-स्तरीय नेता काबिज थे। विधानसभा में बीजद के उपनेता प्रसन्ना आचार्य ने कहा, "भाजपा सरकार ओडिशा में पंचायती राज व्यवस्था को नष्ट करने पर तुली हुई है। सरकार ने हाल ही में एक फैसले में अधिकारियों की वित्तीय शक्ति बढ़ा दी है, जिससे निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की शक्ति कमज़ोर हो गई है। हम इस फैसले को वापस लेने की मांग कर रहे हैं।"