ओडिशा में वोटर लिस्ट अपडेट प्रक्रिया पूरी CEO ने बताई नई आवेदन प्रक्रिया
Bhubaneswar. भुवनेश्वर। ओडिशा में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। ओडिशा के मुख्य चुनाव अधिकारी एस. गोपालन ने बताया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान कई चरणों में जांच और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई। एस. गोपालन ने बताया कि ओडिशा में SIR की शुरुआत 30 मई 2026 को की गई थी। उस समय राज्य की मतदाता सूची में कुल 3 करोड़ 33 लाख 99 हजार मतदाता दर्ज थे। पुनरीक्षण के पहले चरण में विभिन्न कारणों से करीब 20 लाख 12 हजार मतदाताओं के नाम हटाए गए।
उन्होंने बताया कि इसके बाद 5 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की गई, जिसमें कुल 3 करोड़ 13 लाख 87 हजार 34 मतदाताओं के नाम शामिल थे। ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद चुनाव आयोग की ओर से दावे और आपत्तियां आमंत्रित की गईं। मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची के मैपिंग चरण के दौरान वर्ष 2002 की मतदाता सूची में करीब 13 लाख मतदाताओं का मिलान नहीं हो पाया था। ऐसे मतदाताओं को नोटिस जारी कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई।
उन्होंने कहा कि अब SIR की पूरी प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है और अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। हालांकि, जिन लोगों का नाम मतदाता सूची में नहीं है या जिनको किसी प्रकार का सुधार करवाना है, उनके लिए आवेदन की सुविधा जारी रहेगी। एस. गोपालन ने बताया कि मतदाता अब अपना नाम जोड़ने, नाम हटाने या किसी जानकारी में संशोधन के लिए फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा मतदाता अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (BLO) को भी आवेदन पत्र दे सकते हैं।
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अंतिम मतदाता सूची में अपने नाम और विवरण की जांच कर लें तथा किसी भी तरह की त्रुटि होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधार के लिए आवेदन करें। चुनाव अधिकारियों के अनुसार, मतदाता सूची को अपडेट रखने के लिए यह प्रक्रिया लगातार जारी रहती है।