Odisha ओडिशा: मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने आज महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन पर शोक व्यक्त किया।
उन्होंने एक बयान में कहा, "महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री श्री अजीत पवार जी के हवाई जहाज दुर्घटना में असामयिक निधन की खबर बहुत दुखद है। श्री पवार जी एक गतिशील राजनेता और समर्पित जनसेवक थे। दुख की इस घड़ी में, मैं शोक संतप्त परिवार, सहयोगियों और महाराष्ट्र के लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।"
अधिकारियों ने बताया कि बुधवार सुबह मुंबई से आ रहा एक चार्टर प्लेन बारामती में क्रैश-लैंड हो गया, जिसमें अजीत पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई।
मुंबई-बारामती चार्टर विमान महाराष्ट्र के बारामती हवाई पट्टी के रनवे पर सुबह करीब 8.45 बजे क्रैश-लैंड हुआ। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के अनुसार, विमान में सवार सभी पांच लोगों की इस घटना में मौत हो गई।
अजीत पवार अपने पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर और एक अटेंडेंट के साथ विमान में यात्रा कर रहे थे। फ्लाइट को दो क्रू मेंबर ऑपरेट कर रहे थे।
हादसे के तुरंत बाद इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंचीं। दुर्घटना का सटीक कारण तुरंत पता नहीं चल पाया है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।