Odisha ओडिशा : गंजाम जिले के कल्लिकोटा थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 16 पर बोडो घाटी में सोमवार को आंध्र से भुवनेश्वर की ओर जा रहा एक भारी मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इसकी छत की टाइलें व अन्य सामग्री सड़क पर बिखर गई। इससे ब्रह्मपुरा व भुवनेश्वर के बीच यातायात बुरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलने पर कल्लिकोटा थाना पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग से वाहनों को कल्लिकोटा शहर में प्रवेश करने वाले बाइपास सड़क से डायवर्ट कर दिया। बाद में क्रेन की मदद से पलटे भारी वाहन को किनारे किया गया और राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का आवागमन शुरू हुआ। घटना के बाद चालक व खलासी लापता हो गए, पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।