कटक: उड़ीसा उच्च न्यायालय ने बुधवार को हॉकी इंडिया द्वारा दायर अंतरिम आवेदन को खारिज कर दिया, जिसमें उसकी कार्यकारी समिति और पदाधिकारियों के लिए प्रस्तावित 5 दिसंबर के चुनावों पर 6 नवंबर के स्थगन आदेश को हटाने की मांग की गई थी। अब अगले आदेश तक चुनाव नहीं हो सकेंगे।

न्यायमूर्ति आरके पटनायक ने हॉकी इंडिया और हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा (एचएओ) की ओर से दलीलें सुनने के बाद आवेदन खारिज कर दिया। यह रोक मुख्य याचिका की नौ दिसंबर को होने वाली अगली सुनवाई तक लागू रहेगी।

हॉकी इंडिया ने यह तर्क देते हुए रोक वापस लेने की मांग की थी कि चुनाव प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। याचिका का विरोध करते हुए एचएओ ने दलील दी कि चुनाव कैलेंडर प्रकाशित करने वाली समिति पहले ही अपना कार्यकाल पूरा कर चुकी है और इसलिए उसमें वैधता का अभाव है।

एचएओ का प्रतिनिधित्व कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता पीके रथ ने कहा, "दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद, न्यायमूर्ति पटनायक ने हॉकी इंडिया के अंतरिम आवेदन को खारिज कर दिया। नतीजतन, स्थगन आदेश 9 दिसंबर को मुख्य याचिका पर अगली सुनवाई तक लागू रहेगा।

Tags: