Paradip पारादीप: भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने शुक्रवार को ओडिशा तट पर एक तेज़ गश्ती पोत 'आदम्या' को तैनात किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। संयुक्त सचिव (रक्षा नीति, सशस्त्र बल विंग, सीएसडी एवं योजना) सत्यजीत मोहंती ने यहाँ एक समारोह में इस पोत का औपचारिक रूप से जलावतरण किया। यह गोवा शिपयार्ड लिमिटेड द्वारा आईसीजी के लिए बनाए जा रहे आठ एफपीवी में से एक है। इस एफपीवी को पारादीप में तैनात किया जाएगा।
एक अधिकारी ने बताया कि 50 किमी प्रति घंटे या 27 समुद्री मील की गति वाले इस एफपीवी को पारादीप में तैनात करने का उद्देश्य उचित गश्त सुनिश्चित करना, घुसपैठ और समुद्री डकैती पर रोक लगाना और गहरे समुद्र में फंसे लोगों को बचाना है। उन्होंने बताया कि एफपीवी में पाँच अधिकारी और 34 अन्य कर्मचारी होंगे। उन्होंने कहा कि यह आईसीजी को समुद्री कानून प्रवर्तन, तटीय निगरानी, खोज और बचाव कार्यों और भारत के विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड) की सुरक्षा में मदद करेगा।