Odisha ओडिशा: उपमुख्यमंत्री प्रवाती पारिदा ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को लगातार नौवां बजट पेश करने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत समर्पण और मेहनत को दर्शाती है, बल्कि देश में महिला नेतृत्व की भी मजबूत पहचान बनाती है। उपमुख्यमंत्री प्रवाती पारिदा ने कहा, "मैं देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई देती हूं, जिन्होंने लगातार नौ बार बजट पेश किया है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें यह अवसर प्रदान किया और इसके लिए मैं उन्हें भी सलाम करती हूं।"
उन्होंने यह भी बताया कि इस बजट को तैयार करने और लागू करने में कई अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण रही। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वित्त मंत्री और उनके टीम के प्रयासों से यह बजट सही योजना और प्रभावी क्रियान्वयन के साथ आगे बढ़ेगा। प्रवाती पारिदा ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह राष्ट्रीय विकास और आर्थिक स्थिरता के लिए एक महत्वपूर्ण दिशा है। उन्होंने यह भी कहा कि बजट में किसानों, युवाओं और छोटे व्यवसायों को ध्यान में रखते हुए किए गए प्रावधान देश के सामाजिक-आर्थिक विकास में मदद करेंगे।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में यह बजट पेश किया और इसके तहत विभिन्न क्षेत्रों में निवेश, विकास योजनाओं और आर्थिक सुधारों को बढ़ावा देने की घोषणाएं की गई हैं। उपमुख्यमंत्री प्रवाती पारिदा का कहना है कि इस बजट से रोजगार सृजन, वित्तीय समावेशन और समग्र आर्थिक विकास को बल मिलेगा।
उन्होंने महिलाओं और युवाओं के लिए विशेष योजनाओं का भी उल्लेख किया और कहा कि यह बजट समाज के हर वर्ग के उत्थान में योगदान देगा। उपमुख्यमंत्री ने वित्त मंत्री की दूरदर्शिता और नेतृत्व कौशल की तारीफ की और कहा कि ऐसे बजट देश को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में मदद करेंगे। ओडिशा के उपमुख्यमंत्री ने यह भी उम्मीद जताई कि बजट के प्रभावी कार्यान्वयन से प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था नई ऊँचाइयों को छुएगी और आम नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार आएगा।
Tags: