भुवनेश्वर: कम दबाव के कारण हुई मानसून-पूर्व बारिश ने कई जिलों में रबी फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया है, जिसके बाद राज्य सरकार ने मंगलवार को कहा कि प्रभावित किसानों को यथाशीघ्र मुआवजा दिया जाएगा।
यहां लोक सेवा भवन में उपमुख्यमंत्री-सह-कृषि मंत्री केवी सिंह देव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी और खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण मंत्री कृष्ण चंद्र पात्रा की मौजूदगी में एक उच्चस्तरीय बैठक में फसल नुकसान की स्थिति की समीक्षा की गई।
बैठक के बाद पुजारी ने मीडियाकर्मियों को बताया कि सभी जिला कलेक्टरों को अगले तीन से चार दिनों के भीतर फसल नुकसान की रिपोर्ट भेजने के निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ जिलों से रिपोर्ट आनी शुरू हो गई हैं। नुकसान की सीमा का आकलन करने के बाद सरकार प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई) के तहत कवर किए गए किसानों को मुआवजा देने के लिए बीमा कंपनियों को रिपोर्ट भेजेगी।