भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शुक्रवार को मयूरभंज जिले में बीजू स्वास्थ्य कल्याण योजना (बीएसकेवाई) स्मार्ट स्वास्थ्य कार्ड वितरित करने के साथ ही जिले में 2400 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया है। इन परियोजनाओं में 2,152 करोड़ रुपये की 405 परियोजनाएं और 332 करोड़ रुपये की 134 परियोजनाएं शामिल हैं।


शहीद स्मृति भवन परिसर में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने हिताधिकारियों को बीजू स्वास्थ्य कल्याण योजना स्मार्ट कार्ड देते हुए कहा है कि मयूरभंज ओडिशा का बड़ा जिला है। मयूरभंज का हृदय काफी विशाल है। प्रदेश के विकास में मयूरभंज का बड़ा अवदान है। जिले के 6 लाख हिताधिकारियों को बीएसकेवाई स्मार्ट स्वास्थ्य कार्ड मिलेगा। इसमें पूर्व महाराजा पूर्णचन्द्र भंजदेव एवं श्रीरामचन्द्र भंजदेव की महत्वपूर्ण भूमिका है। बीएसकेवाई कार्ड आपकी विपत्ति का सच्चा साथी है। यह कार्ड आपको असुविधा के समय मदद करेगा। परिवार के किसी भी सदस्य के अस्वस्थ होने पर चिंता हो जाती है। हालांकि आपको यह कार्ड मिल जाने के बाद स्वास्थ्य को लेकर आपकी चिंता अब हमारी चिंता हो गई है। इलाज के लिए अब आपको जमीन या गहने नहीं बेचने पड़ेंगे।

जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री नवीन पटनायक हेलीकाप्टर के जरिए आज पूर्वाह्न 11 बजे मयूरभंज जिले के बारीपदा के छऊ मैदान में बनाए गए हेलीपैड पर उतरे। इसके बाद मुख्यमंत्री ने जिले के करीब 26 ब्लॉक और चार नगर पालिकाओं के लिए बीजू स्वास्थ्य कल्याण योजना स्मार्ट कार्ड जारी किया। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पूर्वी आईजी हिमांशु कुमार लाल और मयूरभंज एसपी ऋषिकेश ज्ञानदेव की देखरेख में तीन सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी), पांच पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी), आठ निरीक्षक, 65 उप निरीक्षक, 17 प्लाटून पुलिस बल और 132 होमगार्ड तैनात किए गए थे।

Tags: