Bhubaneswar भुवनेश्वर: पुलिस ने गुरुवार को बताया कि मवेशी तस्करी को लेकर हुई झड़प में एक व्यक्ति की मौत के बाद पैदा हुए तनाव के मद्देनजर ओडिशा के भद्रक जिले के कुछ हिस्सों में इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। भद्रक के एसपी मनोज राउत ने कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए गुरुवार सुबह 6 बजे से 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं निलंबित करने का फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने भद्रक के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस कर्मियों को भी तैनात किया है।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मृतक के परिवार के एक सदस्य को 10 लाख रुपये का मुआवजा और नौकरी देने की घोषणा की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आदेश दिया है। मृतक की पहचान कासती गांव के संतोष परिदा (45) के रूप में हुई है।
एसपी ने बताया कि भुवनेश्वर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान बुधवार रात उसकी मौत हो गई। परिवार के सदस्यों द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि मवेशी तस्करी का विरोध करने पर परिदा पर कथित तौर पर एक प्रतिद्वंद्वी समूह के सदस्यों ने हमला किया था। राउत ने संवाददाताओं से कहा, "हमने ओडिशा और राज्य के बाहर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी करके मुख्य आरोपी समेत 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना में शामिल अन्य लोगों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।"