Odisha ओडिशा: कटक में आयोजित भाजपा राज्य कार्यकारिणी की बैठक को लेकर भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा कि यह पार्टी के लिए सौभाग्य का अवसर है कि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दो दिवसीय कार्यकारी बैठक में शामिल होने पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि बैठक में संगठन और राज्य के विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
संबित पात्रा ने कहा कि बैठक में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व में ओडिशा में चल रहे विकास कार्यों और सरकार की योजनाओं को आगे बढ़ाने को लेकर बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता के हितों को प्राथमिकता देते हुए विकास की दिशा में लगातार काम कर रही है।
उन्होंने संसद में हुए गतिरोध को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। संबित पात्रा ने कहा कि जिस तरह से इस बार सदन की कार्यवाही बाधित हुई, उसके खिलाफ बैठक में निंदा प्रस्ताव पारित किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सदन नहीं चलने देना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए उचित नहीं है। भाजपा सांसद ने देश की अर्थव्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि भारत की GDP 7.8 प्रतिशत की ग्रोथ रेट के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने इसे देश की आर्थिक मजबूती और सरकार की नीतियों का परिणाम बताया।
कटक में आयोजित इस बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आगामी रणनीति, संगठन विस्तार और सरकार के कामकाज को लेकर मंथन किया। पार्टी नेताओं का कहना है कि बैठक के जरिए कार्यकर्ताओं को आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों के लिए दिशा दी जाएगी।
Tags: