Bhubaneswar भुवनेश्वर: यहां बारामुंडा ओवरब्रिज पर अलग-अलग दुर्घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, बुधवार आधी रात के करीब ओवरब्रिज पर एक अज्ञात ट्रक ने पिकअप वैन को टक्कर मार दी, जिससे उसके चालक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर खंडगिरी थाने से दो पुलिस वैन मौके पर पहुंची और वैन से चालक का शव बरामद किया तथा सड़क को साफ करना शुरू किया।
पुलिस जब घटनास्थल पर थी, तभी एक ट्रेलर ने खड़ी पुलिस गाड़ियों को टक्कर मार दी। इस घटना में दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें कैपिटल अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस की एक गाड़ी चला रहा होमगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। ओवरब्रिज पर यातायात को नियंत्रित कर रहे एक अन्य पुलिस अधिकारी को भी तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। उसके हाथ और पैर में कई फ्रैक्चर हो गए। ट्विन सिटी पुलिस कमिश्नर एस. देव दत्ता सिंह और भुवनेश्वर डीसीपी जगमोहन मीना ने अस्पताल में घायल अधिकारियों से मुलाकात की।