ओडिशा के पारादीप में आशा कार्यकर्ता से दुष्कर्म

ओडिशा के बंदरगाह शहर पारादीप में 35 वर्षीय ‘आशा’ कार्यकर्ता से घर लौटते समय कथित तौर पर अपहरण और दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है।

Update: 2022-08-28 04:30 GMT

ओडिशा के बंदरगाह शहर पारादीप में 35 वर्षीय 'आशा' कार्यकर्ता से घर लौटते समय कथित तौर पर अपहरण और दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है।

पुलिस ने शनिवार को बताया कि यह घटना शुक्रवार शाम की है जब महिला अपने काम के बाद साइकिल से घर लौट रही थी।

पुलिस ने बताया कि उसे चार लोगों ने जबरन एक कार में बैठाया और उसे नेहरू बंगले के समीप समुद्र किनारे ले गए, जहां कथित तौर पर उससे दुष्कर्म किया गया।

पुलिस द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी के अनुसार, चार में से एक व्यक्ति ने उससे दुष्कर्म किया तथा बाकी लोगों ने उसका यौन शोषण किया। इसके बाद मान्यता प्राप्त सामाजिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता (आशा) को बैंक स्ट्रीट पर अकेले छोड़ दिया गया, जहां से पुलिस ने उसे बचाया।

मॉडल पुलिस थाने की प्रभारी निरीक्षक शुभलक्ष्मी पुजारी ने बताया कि चार आरोपियों में से एक को हिरासत में ले लिया गया है और अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा, ''जांच चल रही है।''


Tags:    

Similar News

-->