Berhampur बरहामपुर: गोपालपुर समुद्र तट पर 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा के साथ हुए सामूहिक बलात्कार मामले में ओडिशा पुलिस की अपराध शाखा ने सोमवार को 574 पृष्ठों का आरोपपत्र दाखिल किया। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था।
सहायक लोक अभियोजक (एपीपी) आलोक ज्योति कदम ने बताया कि 15 जून को हुए इस अपराध में कथित संलिप्तता के लिए आरोपपत्र में चार नाबालिगों सहित नौ लोगों के नाम दर्ज किए गए हैं। यह आरोपपत्र गंजम जिले के बरहामपुर में प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट (ग्रामीण) की अदालत में 42 दिनों में दाखिल किया गया। पीड़िता अपने प्रेमी के साथ इस लोकप्रिय समुद्र तट पर घूमने गई थी, तभी कुछ लोगों ने उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया। पुलिस ने इस मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।