गुवाहाटी: यूनाइटेड किंगडम की ऑक्सफ़ोर्ड यूनिवर्सिटी, नागा समुदाय के उन 39 मानव अवशेषों को वापस करने के लिए सहमत हो गई है, जिन्हें औपनिवेशिक काल के दौरान ले जाया गया था और दशकों तक अपने संग्रह में रखा गया था।
ये अवशेष पिट रिवर्स म्यूज़ियम के पास हैं, जहाँ दुनिया में नागा वस्तुओं का सबसे बड़ा संग्रह मौजूद है। म्यूज़ियम में नागा समुदाय से जुड़ी लगभग 8,000 वस्तुएँ हैं, जिनमें मानव अवशेष (मुख्य रूप से खोपड़ियाँ) और 178 ऐसी वस्तुएँ शामिल हैं जिनमें मानव बाल हैं या हो सकते हैं।
रॉयटर्स के अनुसार, म्यूज़ियम ने 2020 में सभी मानव अवशेषों को सार्वजनिक प्रदर्शन से हटा दिया था।
औपनिवेशिक काल के दौरान, एशिया, अफ्रीका और अन्य क्षेत्रों से अक्सर मानव अवशेष ले जाकर ब्रिटेन और अन्य औपनिवेशिक ताकतों को भेजे जाते थे। ऐसे अवशेषों को अक्सर ट्रॉफी की तरह माना जाता था, कलेक्टरों के बीच इनका व्यापार होता था, इन्हें म्यूज़ियम में प्रदर्शित किया जाता था या इन पर वैज्ञानिक अध्ययन किया जाता था।
नागा अवशेषों की वापसी ऐसे समय में हो रही है जब म्यूज़ियम और संस्थानों से औपनिवेशिक शासन के दौरान हासिल किए गए मानव अवशेषों, कलाकृतियों और सांस्कृतिक वस्तुओं को वापस करने की अंतरराष्ट्रीय माँग बढ़ रही है।
नागा ट्राइब होबोस और फोरम फॉर नागा रिकॉन्सिलिएशन ने शनिवार को कहा कि नागा समुदाय का एक प्रतिनिधिमंडल पिट रिवर्स म्यूज़ियम जाकर पूर्वजों के अवशेष प्राप्त करेगा और उन्हें वापस लाएगा।
'द न्यूयॉर्क टाइम्स' में म्यूज़ियम की डायरेक्टर लॉरा वैन ब्रोकहोवेन के हवाले से कहा गया है कि अवशेषों की वापसी नवंबर में होनी है और उम्मीद है कि यह पिट रिवर्स म्यूज़ियम के इतिहास में मानव अवशेषों की सबसे बड़ी वापसी होगी।
नागा प्रतिनिधि कई वर्षों से इन अवशेषों की वापसी की माँग कर रहे थे और 2020 में म्यूज़ियम के साथ औपचारिक बातचीत शुरू हुई थी।
इस प्रक्रिया के तहत, नागा प्रतिनिधियों का एक दल प्रस्तावित वापसी पर चर्चा के लिए 2025 में पिट रिवर्स म्यूज़ियम गया था।
यह प्रस्तावित हस्तांतरण, औपनिवेशिक काल के दौरान ले जाए गए पूर्वजों के अवशेषों को वापस पाने और उन्हें उनके मूल स्थान पर पुनर्स्थापित करने के नागा समुदायों के प्रयासों में एक महत्वपूर्ण कदम है।