नागालैंड: अधिकारियों ने बताया कि बुधवार सुबह, 11 नवंबर को नागालैंड के कोहिमा जिले में एक हाईवे के पास संदिग्ध इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) में विस्फोट हुआ। इससे खुजामा गांव के पास बनी एक रिटेनिंग वॉल (दीवार) को नुकसान पहुंचा है।
यह घटना सुबह करीब 7:30 बजे हुई। इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। विस्फोट के बाद मौके पर पुलिस और सेना के जवानों को तैनात कर दिया गया।
शुरुआती जांच में हाईवे के किनारे बनी एक रिटेनिंग वॉल को नुकसान पहुंचने का पता चला है, जबकि सड़क के दूसरी तरफ मौजूद पेड़ों पर भी विस्फोट के निशान देखे जा सकते हैं। अधिकारियों ने बताया कि मौके से करीब 110 मीटर तांबे का तार भी बरामद किया गया है।
खबरों के अनुसार, विस्फोट वाली जगह के पास सड़क के ऊपर पहाड़ी ढलान पर एक बड़ा चाकू (माचेते) और चॉकलेट के रैपर मिले हैं।
दीमापुर से एक फॉरेंसिक टीम घटनास्थल की जांच करने और सबूत इकट्ठा करने के लिए रवाना हो गई है।
मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने इस घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि सभ्य समाज में ऐसी हरकतों के लिए कोई जगह नहीं है, क्योंकि इनसे लोगों के बीच डर पैदा होता है और शांति व सद्भाव को खतरा पहुंचता है।
रियो ने कहा कि राज्य सरकार स्थिति पर कड़ी नजर रख रही है और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठा रही है।
Tags: