नई दिल्ली। असम-मिजोरम सीमा से विदेशी जानवरों की तस्करी का नया मामला सामने आया है। यहां पर स्थिर कछार जिले से 9 विदेशी जानवरों को बरामद किया। बरामद जानवरों की प्रजातियों में सात मकड़ी बंदर और दो काले और सफेद रफ़्ड लेमूर शामिल हैं, इन जानवरों को पशु तस्करों द्वारा धोलाई क्षेत्र में पिंजरों में रखा गया था।
कछार जिले के पुलिस अधीक्षक नुमाल महतो ने बताया है कि हमने धोलाई में सैफई रोड से नौ विदेशी जानवरों को बरामद किया है, जो असम के कछार जिले को मिजोरम के कोलाशिब जिले से जोड़ता है। पुलिस के मुताबिक, पुलिस पेट्रोलिंग टीम को देख बदमाश मौके से खेप को सड़क पर छोड़कर फरार हो गए।
महतो ने कहा कि इन विदेशी जानवरों को शायद मिजोरम-असम मार्ग का उपयोग करके म्यांमार या इंडोनेशिया से तस्करी कर लाया गया था। हमें संदेह है कि कुछ स्थानीय लोग भी पशु तस्करी में शामिल हैं और हम बदमाशों को पकड़ने के लिए हर पहलू की जांच कर रहे हैं। जानवरों को असम चिड़ियाघर प्राधिकरण को सौंप दिया गया है।
दक्षिणी असम में मुख्य वन संरक्षक, पी. शिव कुमार ने कहा कि प्रारंभिक स्वास्थ्य जांच की गई और पाया गया कि जानवर ठीक हैं। इन बरामद जानवरों को गुवाहाटी के चिड़ियाघर में रखा जाएगा।
Tags: