आइजोल: एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि पश्चिमी मिजोरम के मामित जिले में अपने एक साथी की मौत के मामले में पूछताछ के लिए नेपाल और भारत के अन्य राज्यों के पांच निर्माण श्रमिकों को हिरासत में लिया गया है।
मृतक (42) नेपाल का रहने वाला था और लुंगफुन गांव के पास अन्य लोगों के साथ डेरा डाले हुए था, तभी बुधवार रात कथित तौर पर उसके साथियों ने उसकी हत्या कर दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बाद में उसका शव एक खाई से बरामद किया गया। इन श्रमिकों को एक सड़क निर्माण कंपनी ने सड़कों, दीवारों और पुलिया की मरम्मत के काम पर रखा था।
शुक्रवार को कांगमुन में मृतक के शव का पोस्टमार्टम किया गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर डेरा डाले हुए पांच संदिग्धों को उनके बयान दर्ज करने के लिए हिरासत में लिया गया है।
मामले की जांच चल रही है और अभी आधिकारिक तौर पर यह तय नहीं हो पाया है कि यह हत्या का मामला है या नहीं।
इस बीच, स्थानीय लोगों का आरोप है कि बुधवार रात श्रमिकों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके दौरान मृतक के पैर पर चोट पहुंचाई गई और बाद में उसके साथियों ने उसे खाई में फेंक दिया।
Tags: