आइजोल: मिजोरम के ममित जिले में शुक्रवार को एक सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए.
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना उस समय हुई जब राजीव नगर से मारपारा जा रहा एक पिकअप ट्रक मिजोरम के ममित जिले के पश्चिम फैलेंग कस्बे में एक अन्य ट्रक से टकरा गया।
पुलिस के मुताबिक, तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने सरकारी अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
गंभीर रूप से घायल छह लोगों को आइजोल के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मृतकों की पहचान देव कुमार चकमा, बोनोमोटा, आयुषी चकमा, सिकी चकमा और काजोल के रूप में हुई है।
मिजोरम के प्रमुख एनजीओ यंग मिजो एसोसिएशन के सदस्य लोगों को बचाने के लिए आगे आए।
पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया कि दोनों ट्रकों की टक्कर उस समय हुई जब वाहन सड़क पर मोड़ पर जा रहे थे.
Tags: