ढोल की थाप पर थिरके हजारों कलाकार, मेघालय ने बनाया विश्व रिकॉर्ड
मेघालय के वांगला महोत्सव ने रचा विश्व इतिहास
गुवाहाटी: शनिवार को तुरा के पास चिब्राग्रे स्थित गारो हेरिटेज विलेज में 1,000 पारंपरिक ढोल वादकों और 3,000 नर्तकों की प्रस्तुति के साथ '100 ड्रम वांगला महोत्सव' ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में जगह बना ली। यह रिकॉर्ड मेघालय में गारो संस्कृति के वार्षिक उत्सव के 'गोल्डन जुबली' (स्वर्ण जयंती) संस्करण के दौरान बना।
यह प्रस्तुति 14 नवंबर को हुई, जो 11 नवंबर से शुरू हुए चार दिवसीय महोत्सव का समापन दिवस था।
केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि केंद्र सरकार, गारो हिल्स को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए मेघालय सरकार के साथ मिलकर काम करने को तैयार है। समापन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वांगला पूर्वोत्तर में एक प्रमुख सांस्कृतिक आकर्षण बन सकता है। उन्होंने नागालैंड के 'हॉर्नबिल फेस्टिवल' का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे स्थानीय उत्सव पूरे भारत और विदेशों से पर्यटकों को आकर्षित कर सकते हैं।
शेखावत ने कहा कि वांगला को बढ़ावा देने से गारो संस्कृति को व्यापक पहचान मिलेगी और साथ ही स्थानीय लोगों के लिए आजीविका के अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने पर्यटन, हॉस्पिटैलिटी, हस्तशिल्प और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों का जिक्र किया, जिनसे विशेष रूप से युवा पीढ़ी को लाभ मिल सकता है।
गोल्डन जुबली के अवसर पर हुई यह प्रस्तुति मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा के दिवंगत पिता और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष पूर्णो ए. संगमा के एक सपने को भी पूरा करती है।
11 नवंबर को महोत्सव के उद्घाटन के दौरान, कोनराड संगमा ने अपने पिता की उस इच्छा को याद किया, जिसमें वे इस आयोजन को 1,000 ढोलों के साथ एक बहुत बड़े उत्सव के रूप में देखना चाहते थे। शनिवार की प्रस्तुति ने उस सपने को साकार कर दिया।
महोत्सव में 300 से अधिक स्टॉल लगाए गए थे, जिनमें गारो व्यंजन, हथकरघा उत्पाद, हस्तशिल्प, पारंपरिक आभूषण और स्थानीय स्तर पर बनी अन्य चीजें प्रदर्शित की गईं। चार दिनों तक चले इस कार्यक्रम में लोक प्रस्तुतियां, पारंपरिक नृत्य, स्थानीय खेल और विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।इस महोत्सव का आयोजन पहली बार दिसंबर 1976 में तत्कालीन वेस्ट गारो हिल्स जिले के असानांगग्रे में किया गया था। तब से, यह मेघालय में स्थानीय संस्कृति के सबसे बड़े उत्सवों में से एक बन गया है। वांगला पारंपरिक रूप से फसल कटाई के बाद मनाया जाता है, जिसमें समृद्धि और उपजाऊपन की देवी 'मिसी सालजोंग' के प्रति आभार व्यक्त किया जाता है।