कुकी जो नेताओं पर कार्रवाई की मांग नागा विधायकों ने गृह मंत्री को लिखा पत्र
मणिपुर विवाद
इंफाल: मणिपुर में जारी जातीय तनाव के बीच राज्य के नौ Naga विधायकों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर Kuki-Zo नेताओं और उग्रवादी समूहों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। विधायकों ने आरोप लगाया है कि कुछ Kuki-Zo नेताओं और संगठनों की भूमिका नागा नागरिकों के खिलाफ हुई हिंसा में रही है। विधायकों ने विशेष रूप से Kuki National Front-P (KNF-P) के नेता थांगबोई किपगेन की गिरफ्तारी की मांग की है। उनका आरोप है कि संगठन के कैडरों का संबंध छह नागा लोगों की हत्या और उनके शवों के साथ कथित बर्बरता मामले से है।
डिप्टी CM के पति पर भी कार्रवाई की मांग
Naga विधायकों ने मणिपुर की डिप्टी सीएम नेमचा किपगेन के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके कार्यालय और उनके पति थांगबोई किपगेन से जुड़े Kuki समूह के बीच कथित संबंधों की जांच होनी चाहिए। हालांकि ये आरोप हैं, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
SoO समझौता खत्म करने की मांग
विधायकों ने केंद्र सरकार से Kuki उग्रवादी समूहों के साथ हुए सस्पेंशन ऑफ ऑपरेशंस (SoO) समझौते को खत्म करने की भी मांग की है। उनका कहना है कि समझौते के बावजूद हिंसा की घटनाएं जारी हैं और इसकी समीक्षा जरूरी है।
बढ़ते तनाव के बीच केंद्र से हस्तक्षेप की अपील
पत्र में विधायकों ने मणिपुर की स्थिति को गंभीर और संवेदनशील बताते हुए केंद्र से निर्णायक कदम उठाने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो जनता के सामने सरकार को समर्थन जारी रखने को लेकर जवाब देना मुश्किल होगा। मणिपुर में 2023 से जारी जातीय तनाव के बीच विभिन्न समुदायों के बीच अविश्वास बना हुआ है। केंद्र सरकार लगातार शांति बहाली और संवाद की कोशिशों में जुटी है।