Manipur: उग्रवादियों की साजिश नाकाम, सुरक्षा बलों ने आईईडी किया निष्क्रिय
Imphal इंफाल: म्यांमार सीमा के पास मणिपुर के टेंग्नौपाल जिले के सैवोम गांव में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ), असम राइफल्स और स्थानीय पुलिस द्वारा बुधवार को एक संयुक्त अभियान चलाया गया, जिसमें कई विस्फोटक उपकरणों को निष्क्रिय किया गया और तीन अवैध बंकरों को ध्वस्त किया गया, जिससे संभावित आतंकी घटना टल गई।
अधिकारियों ने बताया कि टेंग्नौपाल पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में चलाए गए अभियान में आठ इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) और आठ स्थानीय रूप से निर्मित हथगोले का पता लगाया गया और उन्हें निष्क्रिय किया गया।
सुरक्षा दल ने 25 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, पांच डेटोनेटर, चालीस 5.56 मिमी इंसास राउंड, साठ 7.62 मिमी एके राउंड और एक मोटोरोला रेडियो सेट इसके चार्जर के साथ बरामद किया।
यह अभियान टेंग्नौपाल जिले के मोरेह में बुधवार को आयोजित संयुक्त आंतरिक सुरक्षा अभ्यास (संयुक्त आईएस एक्स) के बाद किया गया। इस अभ्यास में 120 बीएसएफ कर्मी, आरएएफ के 40, असम राइफल्स के 150 और 10 स्थानीय पुलिस अधिकारी शामिल थे।
रक्षा प्रेस वक्तव्य के अनुसार, इस अभ्यास का उद्देश्य क्षेत्र में आंतरिक सुरक्षा स्थितियों के प्रबंधन में सुरक्षा बलों (एसएफ) के समन्वय, तैयारी और प्रतिक्रिया क्षमताओं का मूल्यांकन करना था।
इस अभ्यास में भीड़ नियंत्रण, चिकित्सा आपात स्थिति, आगजनी, सशस्त्र आतंकवादी गतिविधि और हिंसक तत्वों के हस्तक्षेप सहित विभिन्न परिदृश्यों पर प्रतिक्रियाओं का अनुकरण किया गया।