मणिपुर चुनाव 2022: टीएमसी को झटका, विधायक तोंगब्रम रोबिंद्रो सिंह भाजपा में शामिल

मणिपुर में तृणमूल कांग्रेस के एकमात्र विधायक तोंगब्रम रोबिंद्रो सिंह गुरुवार को पूर्वोत्तर राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल हो गए।

Update: 2022-01-20 17:15 GMT

मणिपुर में तृणमूल कांग्रेस के एकमात्र विधायक तोंगब्रम रोबिंद्रो सिंह गुरुवार को पूर्वोत्तर राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा के एक नेता ने यह जानकारी दी। रोबिंद्रो सिंह 2017 के विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर बिष्णुपुर जिले के थंगा निर्वाचन क्षेत्र से चुने गए थे और बाद में भाजपा के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार का समर्थन किया।

कांग्रेस नेता सुरचंद्र भी भाजपा में शामिल
कांग्रेस के पूर्व नेता येंगखोम सुरचंद्र सिंह जिन्होंने पिछले महीने पार्टी छोड़ दी थी, वह भी भगवा खेमे में शामिल हो गए। वह केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक, असम के मंत्री अशोक सिंघल और पार्टी की मणिपुर इकाई के अध्यक्ष अधिकारीमयुम शारदा देवी की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हो गए।
देवी ने ट्विटर पर लिखा, मैं काकिंग के येंगखोम सुरचंद्र सिंह और थंगा के विधायक टोंगब्रम रोबिंद्रो सिंह का मणिपुर भाजपा परिवार में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रतिमा भौमिक जी, असम के मंत्री अशोक सिंघल जी और पदाधिकारियों की मौजूदगी में स्वागत करती हूं।
देवी ने यह भी कहा कि दोनों का शामिल होना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के नेतृत्व में मणिपुर की प्रगति के प्रति बढ़ते सकारात्मक दृष्टिकोण को दर्शाता है। रोबिंद्रो ने कहा कि वह भाजपा नेतृत्व में विश्वास करते हैं और पार्टी के लिए काम करने का संकल्प लेते हैं।
पूर्व कांग्रेस नेता सुरचंद्र 2017 में काकचिंग सीट से जीते थे, लेकिन मणिपुर उच्च न्यायालय ने उनके चुनाव को शून्य घोषित कर दिया था क्योंकि उन्होंने चुनावी हलफनामे में अपनी संपत्ति और देनदारियों के विवरण का ठीक से खुलासा नहीं किया था।

मणिपुर की 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरणों में 27 फरवरी और 3 मार्च को मतदान होगा। मतों की गिनती 10 मार्च को होगी।


Tags:    

Similar News

-->