ठाणे : कलवा पुलिस स्टेशन (Kalwa Police Station) अंतर्गत शराबी पति (Husband) द्वारा नशे में पत्नी (Wife) का गला घोंटकर हत्या (Murder) करने वाले अनिल लक्ष्मण लोखंडे (28) निवासी इंदिरानगर, कलवा, ठाणे गिरफ्तार कर लिया गया। ठाणे कोर्ट ने आरोपी को 26 सितंबर तक पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया है।
आरोपी अनिल की पहली पत्नी दो साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी। जबकि मीना लोखंडे (23) उसकी दूसरी पत्नी थीं। उनकी एक साल की बेटी भी है। वह पिछले कुछ दिनों से उसके चरित्र पर शक कर रहा था। इसी को लेकर उनके बीच अक्सर मारपीट होती रहती थी। 22 सितंबर की रात इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी। फिर 23 सितंबर की सुबह करीब 1.30 से 3.30 बजे तक विवाद और भी गहरा गया। जिसके बाद पति अनिल ने गुस्से में आकर अपनी एक साल की बेटी के सामने ही मीना का गला घोंट दिया।
पड़ोसियों ने दी थी पुलिस को जानकारी
लोखंडे के घर में पति-पत्नी का झगड़ा जोर-शोर से चल रहा था। इन दोनों के बीच शुरू बहस और उनकी बेटी की आवाज सुनकर पड़ोस के रहने वाले टेलर रामचंद्र दलवी (39) के साथ निवासी लोखंडे के घर पहुंचे। उस समय अनिल की पत्नी मीना घर में बेहोश पड़ी मिली। जिसके बाद इसकी जानकारी कलवा पुलिस को दी। पुलिस ने मीना को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि डॉक्टरों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराने से पहले मृत घोषित कर दिया। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मनोहर आव्हाड ने बताया कि हत्यारे अनिल ने पुलिस के सामने कबूल किया कि उसने गुस्से में उसका गला घोंट कर पत्नी मीना की हत्या की। आगे मामले की जांच आव्हाड कर रहे हैं।