Maharashtra महाराष्ट्र : सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने घाटे में चल रही महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) के लिए ईंधन पर छूट 1 अगस्त से बढ़ाने का फैसला किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इस कदम से सालाना लगभग 12 करोड़ रुपये की बचत होने की उम्मीद है। एमएसआरटीसी ने बुधवार को एक विज्ञप्ति में कहा, "इंडियन ऑयल और भारत पेट्रोलियम ने एमएसआरटीसी को आपूर्ति किए जाने वाले डीजल पर छूट 30 पैसे प्रति लीटर बढ़ाने पर सहमति जताई है। इससे प्रतिदिन लगभग 3.23 लाख रुपये की बचत होगी, जो सालाना 11.8 करोड़ रुपये के बराबर है।" विज्ञप्ति में कहा गया है कि महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक, जो निगम के अध्यक्ष भी हैं, के समझाने के बाद तेल विपणन कंपनियां छूट बढ़ाने पर सहमत हुईं। 15,000 से अधिक बसों के बेड़े वाला एमएसआरटीसी अपने 251 डिपो से प्रतिदिन लगभग 10.77 लाख लीटर डीजल खरीदता है।

निगम ने भविष्य में अपने बेड़े का विस्तार करने की योजना की घोषणा पहले ही कर दी है, जिसके तहत प्रति वर्ष 5,000 बसें जोड़ी जाएंगी। सरनाईक ने कहा कि एमएसआरटीसी की वित्तीय स्थिति नाजुक है और उन्होंने जहां तक संभव हो लागत में कटौती करने तथा निगम को वित्तीय रूप से मजबूत बनाने के लिए टिकट बिक्री के अलावा वैकल्पिक राजस्व स्रोतों की तलाश करने की आवश्यकता पर बल दिया।

Tags: