मुंबई : महाराष्ट्र के नवी मुंबई में खाद्य सुरक्षा विभाग (FDA) ने पैकेज्ड फूड प्रोडक्ट्स से जुड़े एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। आरोप है कि कुछ लोग एक्सपायरी हो चुके खाद्य सामानों की तारीख बदलकर उन्हें दोबारा बाजार में बेचने और एक्सपोर्ट करने की तैयारी कर रहे थे। महाराष्ट्र FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में लेज, कुरकुरे, मैग्गी समेत कई नामी कंपनियों के प्रोडक्ट जब्त किए गए हैं।
FDA और नवी मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने तुर्भे स्थित एक गोदाम पर छापेमारी की। यह कार्रवाई 24 से 29 अगस्त के बीच की गई। जांच के दौरान अधिकारियों को संदेहास्पद गतिविधियां मिलीं, जिसमें खाद्य उत्पादों की मैन्युफैक्चरिंग डेट और एक्सपायरी डेट के साथ कथित छेड़छाड़ की जा रही थी।
डेट मिटाकर लगाई जा रही थी नई तारीख
FDA अधिकारियों के अनुसार, पैकेट पर छपी पुरानी तारीखों को मिटाने के लिए थिनर और अन्य सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसके बाद इंकजेट प्रिंटर की मदद से नई तारीखें छापी जा रही थीं। इतना ही नहीं, कई प्रोडक्ट्स पर लगे पुराने लेबल हटाकर नए स्टिकर लगाने का भी आरोप है, जिनमें सामग्री और पोषण संबंधी जानकारी बदली गई थी।
इस कार्रवाई में अधिकारियों को इंकजेट प्रिंटर, थिनर और तैयार किए गए स्टिकर भी मिले, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर पैकेजिंग में बदलाव के लिए किया जा रहा था। FDA का कहना है कि यह उपभोक्ताओं की सेहत के साथ गंभीर खिलवाड़ का मामला है।
75 लाख रुपये से ज्यादा का सामान जब्त
छापेमारी के दौरान करीब 4,942 कार्टन खाद्य सामग्री जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 75.21 लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। इसमें 10 से अधिक एक्सपोर्ट कंपनियों से जुड़ा स्टॉक शामिल था। इसके अलावा बिना लेबल और एक्सपायरी सामान भी बरामद किया गया।
जब्त किए गए सामान में लेज के कई फ्लेवर, कुरकुरे के अलग-अलग पैकेट, मैग्गी मसाला नूडल्स और आटा नूडल्स, बिंगो, फन फ्लिप्स, नॉर सूप, रसोई के प्रोडक्ट, हेलमैन मेयोनेज और अन्य खाद्य सामग्री शामिल हैं। इसके अलावा थम्स अप और लिम्का जैसे पेय पदार्थ भी मिले हैं।
कंपनी का लाइसेंस निलंबित
FDA ने कार्रवाई के बाद संबंधित फर्म का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। मामले में खाद्य सुरक्षा कानून और अन्य धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस कथित नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं और कितने समय से यह गतिविधि चल रही थी।
तुकाराम मुंढे ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे ने साफ किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी ऐसे मामलों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।
विशेषज्ञों के अनुसार, एक्सपायरी खाद्य पदार्थों को दोबारा बेचने से लोगों की सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है। ऐसे मामलों में पेट संबंधी बीमारी, फूड पॉइजनिंग और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। यही वजह है कि खाद्य सुरक्षा विभाग ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई कर रहा है।
इस पूरे मामले ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि बाजार में बिकने वाले पैकेज्ड फूड की गुणवत्ता और उसकी असली तारीख की जांच कितनी जरूरी है। FDA की इस कार्रवाई के बाद खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है।
Tags: