Maharashtra महाराष्ट्र: कल्याण डोंबिवली मनपा के टिटवाला क्षेत्र ए वार्ड के सहायक आयुक्त पद से संदीप रोकड़े को अचानक हटाकर उनकी जगह प्रमोद पाटिल को गुरुवार को आयुक्त डॉ. इंदुरानी जाखड़ ने पद पर नियुक्त किया। आयुक्त ने पाटिल को तत्काल पदभार ग्रहण करने का आदेश दिया। प्रमोद पाटिल बी वार्ड में अधीक्षक के पद पर कार्यरत थे। इससे पहले वे डोंबिवली एच वार्ड में सहायक आयुक्त के पद पर कार्यरत रह चुके हैं। वे एक सख्त और अनुशासित अधिकारी के रूप में जाने जाते हैं। एच वार्ड में रहते हुए उन्होंने राजनीतिक दबाव को दरकिनार करते हुए अवैध निर्माणों के खिलाफ जोरदार अभियान चलाया था।
टिटवाला और बलियानी क्षेत्र में चल रहे असंख्य अवैध निर्माणों के बारे में आयुक्त को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इससे पहले आयुक्त ने वार्ड ए के सहायक आयुक्त रोकड़े को अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया था। इसके बाद ही उनके द्वारा कार्रवाई की गई। मनपा में दो उपायुक्तों की अनुशंसा पर आयुक्त ने पिछले वर्ष रोकड़े को वार्ड ए के सहायक आयुक्त पद का प्रभार सौंपा था। दोनों उपायुक्तों ने रोकड़े को अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए समय-समय पर चेतावनी दी थी। फिर भी उनकी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हो रहा था। आयुक्त ने उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के संकेत दिए थे।
वार्ड एच में रहते हुए रोकड़े अवैध निर्माण के मुद्दे पर विवादों में घिर गए थे। रोकड़े मनपा की सेवा में सरकार द्वारा अनुमोदित सहायक आयुक्त हैं। आयुक्त ने दो सप्ताह के लिए संदीप रोकड़े की जगह नए आयुक्त की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की थी। अवैध निर्माण के गढ़ के रूप में मशहूर टिटवाला को एक सक्षम सहायक आयुक्त की जरूरत थी। पाटिल द्वारा जिम्मेदारी निभाने का भरोसा मिलने के बाद आयुक्त ने तुरंत उन्हें ए वार्ड का सहायक आयुक्त नियुक्त कर दिया। समझा जाता है कि प्रशासन डोंबिवली पश्चिम के एच वार्ड क्षेत्र में एक सक्षम सहायक आयुक्त की नियुक्ति करने का प्रयास कर रहा है। इस संबंध में स्थानीय विधायक रवींद्र चव्हाण ने मनपा प्रशासन को वार्डों में एक जिम्मेदार व्यक्ति की नियुक्ति करने के निर्देश दिए हैं।