Road accident: तेज रफ्तार एक्सयूवी-700 ने छीनी दो जानें, दो घायल

लापरवाही

Update: 2025-11-22 16:01 GMT
Maharashtra महाराष्ट्र: पनवेल शहर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे के पास उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार एक्सयूवी-700 कार ने आगे चल रहे एक कंटेनर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयानक थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया। कार में कुल पांच लोग सवार थे। इनमें से दो लोगों- श्रीनाथ और हितेंद्र को बेहद गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। बाकी दो घायलों का अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, कार चालक बहुत तेज गति से गाड़ी चला रहा था और लापरवाही भी बरत रहा था। इसी कारण उसका वाहन पर काबू नहीं रहा और यह भयानक टक्कर हुई। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चालक ने सुरक्षित दूरी भी नहीं रखी थी। हादसे की सूचना मिलते ही पनवेल सिटी पुलिस और हाईवे ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। क्षत-विक्षत कार को क्रेन की मदद से हटवाया गया और यातायात को बहाल किया गया। मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
पनवेल पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब चालक की तलाश कर रही है, क्योंकि हादसे के बाद वह मौके से फरार बताया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान के आधार पर जांच जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि हाईवे पर हमेशा निर्धारित गति सीमा का पालन करें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
Tags:    

Similar News