Palghar पालघर : पुलिस ने मंगलवार को बताया कि महाराष्ट्र के पालघर जिले में दो लोगों ने 39 वर्षीय एक महिला से उसके कीमती सामान को सुरक्षित रखने के नाम पर कथित तौर पर 17 लाख रुपये की ठगी की है।
महिला का पति फिलहाल मुंबई में दर्ज एक मामले में पड़ोसी नवी मुंबई की तलोजा जेल में बंद है। पालघर के विरार की रहने वाली महिला से उसके दो परिचितों ने मदद के बहाने संपर्क किया था। पड़ोसी ठाणे जिले के मीरा रोड के रहने वाले आरोपियों ने कथित तौर पर महिला को यह कहकर डराया कि उसके घर पर पुलिस की छापेमारी होने वाली है। विरार पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि उसके कीमती सामान को सुरक्षित रखने के नाम पर, उन्होंने पिछले एक महीने में उसके सोने के गहने, दो मोबाइल फोन और एक कार, जिनकी कुल कीमत 17.03 लाख रुपये है, लूट ली।
उन्होंने बताया कि उन्होंने महिला के एटीएम कार्ड भी छीन लिए। अधिकारी ने बताया कि उसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने रविवार को दोनों व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया और उनकी तलाश कर रही है।