मुंबई: मुंबई के चेंबूर इलाके में करीब 20 बिल्लियों के मृत और क्षत-विक्षत अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई है। मामला पंजरापोल इलाके का है, जहां अलग-अलग दिनों में बिल्लियों के शव मिलने के बाद पशु प्रेमियों ने पुलिस से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरसीएफ पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर जिम्मेदार व्यक्ति या व्यक्तियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
अगस्त से मिल रहे थे बिल्लियों के शव
स्थानीय स्तर पर जानवरों की देखभाल करने वाली रूबीना पठान को अगस्त में इलाके में कई बिल्लियों के क्षत-विक्षत शव मिले थे। इसके बाद भी बिल्लियों के मृत मिलने का सिलसिला जारी रहा। 4 सितंबर को छह और बिल्लियां मृत मिलीं। अगले दिन यानी 5 सितंबर को एक और बिल्ली का शव मिला, जबकि एक बिल्ली का बच्चा डरा हुआ और घायल अवस्था में पाया गया। रिपोर्ट के मुताबिक मृत बिल्लियों के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद आशंका जताई जा रही है कि बिल्लियों को जानबूझकर निशाना बनाया गया। हालांकि इसके पीछे कौन है और घटनाओं का वास्तविक कारण क्या है, यह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
पशु क्रूरता के तहत FIR
मामला सामने आने के बाद पशु अधिकार संगठन PETA India ने रूबीना पठान की शिकायत को आगे बढ़ाने में मदद की। इसके बाद आरसीएफ पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 325 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। फिलहाल आरोपी या आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब उन जगहों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है, जहां बिल्लियों के शव मिले थे। जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटनाओं के समय इलाके में कौन-कौन मौजूद था और क्या किसी संदिग्ध गतिविधि को कैमरों ने रिकॉर्ड किया है।
जानकारी देने पर 50 हजार का इनाम
इस बीच PETA India ने मामले में आरोपी की गिरफ्तारी और दोषसिद्धि तक पहुंचाने वाली जानकारी देने वाले व्यक्ति को 50 हजार रुपये तक का इनाम देने की घोषणा की है। संगठन का कहना है कि सूचना देने वाले की जानकारी गोपनीय रखी जा सकती है। करीब 20 बिल्लियों की संदिग्ध मौत ने स्थानीय पशु प्रेमियों को चिंतित कर दिया है। अब पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज से यह सामने आने की उम्मीद है कि इन घटनाओं के पीछे कोई एक व्यक्ति है या इसमें एक से अधिक लोग शामिल हैं।
Tags: